जगतपुर में रात के अंधेरे में तेंदुए का हमला, ग्रामीण बोले अब घर से निकलना भी मुश्किल
पीलीभीत टाइगर रिजर्व से सटे ग्रामीण इलाकों में जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला बिलसंडा थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव का है, जहां एक तेंदुए ने देर रात गांव में घुसकर घर में बंधी बकरी को अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अब शाम ढलते ही लोगों में डर बैठ जाता है और बच्चे व मवेशी सुरक्षित नहीं रह गए हैं।
जानकारी के अनुसार जगतपुर निवासी अमरजीत सिंह की बकरी को बीती रात तेंदुआ घर से उठा ले गया। सुबह जब अमरजीत सिंह बाड़े में चारा डालने पहुंचे तो वहां बकरी गायब मिली। जमीन पर खून के निशान और जंगली जानवर के पदचिह्न देखकर परिवार के होश उड़ गए। इसके बाद ग्रामीणों ने मिलकर पदचिह्नों का पीछा किया तो घर से करीब 200 से 250 मीटर दूर जंगल किनारे बकरी का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। बताया गया कि तेंदुए ने बकरी की गर्दन अलग कर दी थी।
ग्रामीणों के अनुसार जब लोग मौके पर पहुंचे तो तेंदुआ वहीं आसपास मौजूद था, लेकिन लोगों का शोर सुनते ही जंगल की तरफ भाग निकला। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि तेंदुआ अब जंगल छोड़कर आबादी तक पहुंच चुका है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।
इस मामले में सामाजिक वानिकी के डीएफओ भरत कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटा रही है। विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार पीड़ित को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
