साइबर ठगों ने खुद को बैंककर्मी बताकर एक युवक को झांसे में लेकर उसके बैंक खाते से 82 हजार रुपये से अधिक की रकम उड़ा ली। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। मामले में गोरखनाथ थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, साकेतनगर लच्छीपुर निवासी सौरभ जालान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 अप्रैल को उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया था, जिसमें खुद को एक्सिस बैंक का सहयोगी बताते हुए विशेष स्कीम और रिवार्ड पॉइंट रिडीम करने की जानकारी दी गई थी।
मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही एक वेबसाइट खुली, जो पूरी तरह बैंक की आधिकारिक साइट जैसी दिख रही थी। ठगों ने पहले क्रेडिट कार्ड रिवार्ड पॉइंट रिडीम करने के नाम पर 32 रुपये का भुगतान करने को कहा। जैसे ही पीड़ित ने भुगतान प्रक्रिया शुरू की, उनके मोबाइल पर ओटीपी आया
ओटीपी दर्ज करते ही कुछ ही पलों में उनके खाते से 82,903 रुपये का ट्रांजेक्शन हो गया। रकम कटने का मैसेज आते ही उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
पीड़ित की शिकायत पर गोरखनाथ थाना पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट - फूलमती मौर्य 151188511
