खोराबार क्षेत्र में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब देवरिया से गोरखपुर की ओर आ रही कार (स्कार्पियो) पर अचानक पेड़ गिर पड़ा। गनीमत रही कि वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए और किसी को चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, काले रंग की कार देवरिया की तरफ से गोरखपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही गाड़ी खोराबार क्षेत्र के कुसम्ही जंगल में फॉरेस्ट क्लब के पास पहुंची, उसी दौरान तेज बारिश और हवा के बीच अचानक सड़क किनारे खड़ा एक पेड़ वाहन पर गिर गया। पेड़ गिरने से कार क्षतिग्रस्त हो गई लेकिन संयोग अच्छा रहा कि उसमें सवार किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं लगी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और पेड़ की डालियों को काटकर गाड़ी को बाहर निकाला। घटना के चलते देवरिया से गोरखपुर आने वाली लेन कुछ समय के लिए बाधित हो गई, जिससे वाहनों की कतार लग गई। बाद में स्थानीय लोगों और राहगीरों के सहयोग से रास्ता साफ कराया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। रिपोर्ट - फूलमती मौर्य 151188511
