मथुरा । कहते हैं कि ‘‘जलते दीपक के नीचे ही सबसे अधिक अंधेरा होता है’’ ऐसा ही कुछ भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा पुरी के हैं । श्रीकृष्ण जन्मस्थान से महज दो किलोमीटर दूर और शहर के मध्य में स्थित होली गेट क्षेत्र से महज पांच सौ मीटर दूर स्थित है मथुरा नगर निगम का वार्ड नं. 35 बनखण्डी, जहां लगभग बीस हजार की मिश्रित आबादी रहती है । मथुरा का यह प्राचीन क्षेत्र जिला अस्पताल और पांज्यजन्य प्रेक्षागृह के ठीक पीछे है । इसके बाद भी नगर निगम और ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा अत्यंत उपेक्षित बनखण्डी क्षेत्र के नरक से बुरे हालात हैं । जबकि इस क्षेत्र में अत्यन्त प्राचीन बनखण्डी महादेव का मंदिर, श्रीगिर्राज जी का मंदिर आदि दर्जनों मंदिर स्थित हैं, जहां देश-विदेश के हजारों श्रद्धालु दर्शन/पूजन करने आते रहते हैं।
बनखण्डी क्षेत्र से शहर का सबसे बड़ा और गन्दा नाला भी गुजरता है, जिसके कारण हालात बद से बदतर हो गये हैं तथा क्षेत्र में हमेशा महामारी का खतरा बना रहता है । स्थानीय निवासी और समाजसेवी दीपक शर्मा का कहना है कि क्षेत्र के पार्षद तरूण सैनी से जब क्षेत्र की गन्दगी व अन्य समस्याओं की बात की जाती है वह समस्याओं के निराकरण के लिये स्वयं को असमर्थ बताते हैं । हालात यह है कि पार्षद के घर के सामने ही काफी गन्दगी रहती है, क्षेत्र में सीवर लाईन होने के बावजूद बहुत से लोगों ने अपने घर के टॉयलेट को सीधे नालियों में ही खोल रखा है, जिससे नालियों गन्दगी से अटी पड़ी रहती हैं।
समाजसेवी विजय शर्मा ने बताया कि लोगों ने नाले व नालियों के ऊपर अतिक्रमण कर रखा है जिसके कारण नालियों व नालों की नियमित सफाई नहीं होती है, बारिश में पानी भर जाने के कारण गन्दगी लोगों के घरों में जाती है । क्षेत्र के नलों में जो गंगाजल आता है उसके लिये बहुत से लोगों ने नलों में टॉटी ही नहीं लगवा रखी है जिससे नलों से आने वाले गंगाजल व्यर्थ में बहता रहता है, टोकने पर झगड़ा करने पर उतारू हो जाते हैं। पांज्यजन्य प्रेक्षागृह के ठीक पीछे बहने वाले नाले की मरम्मत तथा नाले की बराबर की सड़क अत्यन्त खराब हालत में है, जिससे अतिशीघ्र बनवाने की आवश्यकता है ।
एडवोकेट जय शिखर शर्मा ने क्षेत्र की समस्याओं के सम्बन्ध में बताया कि क्षेत्रवासियों ने स्थानीय विधायक, सांसद, नगर निगम के आयुक्त, महापौर, जिलाधिकारी व अन्य सम्बन्धित अधिकारियों से लिखित में तथा ऑनलाईन अनेकों बार शिकायत करके देख लिया किन्तु कोई भी कार्यवाही नहीं हुई है । उनका मानना है कि यदि माननीय मुख्यमंत्री जी वार्ड नम्बर 35 बनखण्डी की समस्याओं के सम्बन्ध में स्वयं संज्ञान लें तो वार्ड 35 के ब्रजवासियों को राहत मिलने के आसार हैं । क्षेत्रवासियों ने बनखण्डी क्षेत्र की समस्याओं को मुख्यमंत्री पोर्टल पर मुख्यमंत्री जी को भी अवगत करा दिया है । अब देखते हैं आगे क्या होता है । रिपोर्ट नंदकिशोर शर्मा 151170853
