नगर के काशीराम आवास कॉलोनी के पास बने पानी की टंकी की सीढ़ी टूट कर गिरने से एक किशोर की मौत हो गई थी, जबकि दो लोग घायल हो गए थे। वहीं, दो लोग टंकी पर फंस गए थे। प्रशासन ने काफी प्रयास किया, लेकिन फंसे किशोरों को नीचे नहीं उतारा जा सका।
लगभग 15 घंटे बाद रविवार सुबह तकरीबन 5:15 बजे गोरखपुर एयरफोर्स की टीम ने हेलीकॉप्टर के जरिए रेस्क्यू करके दोनों किशोर को पानी की टंकी से नीचे उतरा,जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बच्चों के फंसे रहने और लगातार प्रयास के बाद डीएम ने एयरफोर्स गोरखपुर से रेस्क्यू करने के लिए संपर्क किया था। इसी के बाद रविवार को टीम पहुंची और रेस्क्यू कर दोनों किशोर को नीचे उतारा।
काशीराम आवास के पास घर-घर सप्लाई के लिए पानी का टंकी बना हुआ है। शनिवार दोपहर में आवास के आसपास के पांच बच्चे टंकी पर चढ़ गए थे। इसी बीच उतरते समय सीढ़ी भरभरा कर गिर गई। इस हादसे में एक बच्चे सिद्धार्थ (13 वर्ष) पुत्र धर्मेंद्र, निवासी झूलनीपुर थाना मोहाना की मौत हो गई।
जबकि, घायल गोलू (14 वर्ष) पुत्र चंद्रेश, निवासी शास्त्रीनगर थाना सदर और सनी (11 वर्ष) पुत्र बरसाती, निवासी काशीराम आवास को तत्काल इलाज के लिए माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चे टंकी पर चढ़ रहे थे तभी जर्जर सीढ़ी अचानक टूट गई और यह हादसा हो गया। इसी दौरान पवन (17 वर्ष) पुत्र मिथलेश और कल्लू (17 वर्ष) पुत्र जमीरउद्दीन टंकी के ऊपर ही फंस गए थे। रिपोर्टर फूलमती मौर्य 151188511
