यूपी, गोरखपुर, कुसम्ही बाजार । ग्राम सभा रुद्रापुर, कुसम्ही बाजार में विकास कार्यों के लिए प्राप्त 17.45 करोड़ से अधिक की ग्रांट की राशि का भारी दुरुपयोग किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों में गहरी नाराजगी है। इस राशि से कराए गए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता अत्यंत खराब है। वहीं, बाजार क्षेत्र में दुकानों का आवंटन बिना किसी पारदर्शी प्रक्रिया के किया गया है और लोगों से ₹1,00,000 से ₹1,50,000 तक अवैध वसूली की गई है। कई सड़कों की स्थिति भी खस्ता हो चुकी है, जो निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
इस मामले में स्थानीय जनता ने विरोध जताते हुए संबंधित अधिकारियों जैसे DPRO, BDO और ADO को मौके पर बुलाकर कराए गए कार्यों की स्थिति से अवगत कराया। जांच के दौरान ग्राम सचिव को निलंबित किया गया था, लेकिन तीन महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद कोई ठोस जांच और कार्रवाई नहीं की गई है।
अब इस मामले में कुसम्ही बाजार के पवन, विनोद, दीना जायसवाल, अभिषेक, मोहन, पारस, विशाल, भोलू, सत्यम, आदित्य, अंकित, राहुल, श्याम नारायण और सोनू समेत अन्य ग्रामीणों ने मुख्य अभियंता, गोरखपुर को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि इन गलत तरीके से आवंटित दुकानों को बिजली कनेक्शन न दिया जाए, ताकि भ्रष्टाचार को बढ़ावा न मिले।
ई० सरवन कुमार निषाद, विधायक (326 चौरी चौरा, गोरखपुर) ने जिलाधिकारी महोदय से इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है और दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की अपील की है, ताकि ग्राम सभा की जनता को न्याय मिल सके। रिपोट - जसवीर मोदनवाल 151167985
