फास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
DJ पर नाच-गाने के दौरान अवैध असलहों से चली गोलियां, गंभीर हालत में युवक जिला अस्पताल रेफर
पीलीभीत । जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ शादी की खुशियाँ उस समय चीख-पुकार में बदल गईं जब 'हर्ष फायरिंग' के दौरान एक युवक को गोली लग गई। घटना पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के सुआबोझ गांव की है। बुधवार रात को हुई इस वारदात के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, सुआबोझ गांव के रहने वाले जगतवीर (पुत्र रामपाल) गांव में ही आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। शादी में जश्न का माहौल था और बाराती डीजे की धुनों पर नाच रहे थे। इसी बीच, उत्साह में होश खोते हुए कुछ लोगों ने अवैध असलहों (हथियारों) से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग के दौरान अचानक एक गोली जगतवीर के गले में जा लगी। गोली लगते ही जगतवीर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसे देखकर कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। जो लोग कुछ देर पहले तक नाच रहे थे, वे अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे
घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों ने घायल जगतवीर को रात करीब 11 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। वहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार तो दिया, लेकिन जगतवीर की हालत अत्यंत गंभीर देखते हुए उसे तुरंत जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
इस मामले को लेकर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। थाना अध्यक्ष पवन पांडे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँच गई और मामले की गहनता से जाँच कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर्ष फायरिंग करने वालों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रशासन द्वारा बार-बार प्रतिबंध के बावजूद शादियों में हर्ष फायरिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं, जो निर्दोष लोगों की जान के लिए बड़ा खतरा बनी हुई हैं। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
