गुलरिहा क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सूखे चोरहिया नाले की मिट्टी में दफन महिला और नवजात के शव बरामद हुए। जैनपुर ग्राम सभा के टोला मसूदाबाद में टहलने पहुंचे लोगों ने नाले की मिट्टी से बाहर निकला एक हाथ देखा, जिसे देखकर वे घबरा गए और शोर मचा दिया। देखते ही देखते मौके पर 50 से अधिक लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और खुदाई कर शवों को बाहर निकलवाया। पुलिस के अनुसार, महिला की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। महिला के साथ एक नवजात का भी शव मिला है, जिससे घटना और भी संदिग्ध हो गई है। घटनास्थल पर नोचे हुए बाल भी मिले हैं। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि यह हरकत जानवरों की हो सकती है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है। रिपोर्टर फूलमती मौर्य 151188511
