*वाराणसी।* कबीरचौरा स्थित गोलादीनानाथ के ‘दिनबंधु’ मंदिर में सोमवार को खाटू श्याम बाबा का भव्य दरबार सजाया गया। आयोजन में श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन-पूजन कर मनोकामनाएं मांगीं और भजनों की मधुर स्वर-लहरियों पर भावविभोर होकर झूम उठे
कार्यक्रम का शुभारंभ डमरू व करतल की गूंज के बीच हुआ। “शुभागमन मेरे श्याम का” के उद्घोष के साथ बाबा का मनोहारी दरबार सजाया गया। कोलकाता व दिल्ली से मंगवाए गए सुगंधित पुष्पों से बाबा का अलौकिक श्रृंगार किया गया। रजत मुकुट व रत्नजड़ित पोशाक श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। छप्पन भोग, पावन अखंड ज्योति, हनुमान चालीसा पाठ व भजन संध्या ने आयोजन को विशेष बना दिया
अखंड ज्योति प्रज्वलन के साथ ही मंदिर परिसर “जय श्री श्याम” के जयकारों से गूंज उठा। सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से वातावरण और आध्यात्मिक हो गया। भजन संध्या में चित्तौड़गढ़ के प्रसिद्ध गायक अभिषेक माहेश्वरी और देवघर के विक्की शर्मा ने भजनों की प्रस्तुति दी। “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” और “दीनानाथ मेरी बात छुपानी कोनी तेरे से” जैसे भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे।
इस दौरान बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया गया। अन्नपूर्णा सेवा के अंतर्गत विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मुख्य संयोजक उद्देश्य केशरी ने अतिथियों का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया और भजन गायकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
आयोजन श्री श्याम दरबारी मंडल के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंडल प्रमुख अतुल अग्रवाल, उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, प्रधानमंत्री सौरभ अग्रवाल, प्रभारी शैलेश गुप्ता, सहायक प्रभारी इंद्रजीत गुप्ता समेत अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
