थाना क्षेत्र के भर्रोह चौराहे के पास गोला-बड़हलगंज रामजानकी मार्ग पर शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। गेहूं लदी ट्रॉली में पीछे से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कॉर्पियो सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े दस बजे गोला की ओर जा रही गेहूं लदी ट्रॉली को पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकाला। हादसे में कोहड़ी निवासी 21 वर्षीय अजय कुमार यादव और 20 वर्षीय कुणाल यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 22 वर्षीय प्रसून उर्फ अंकुर गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे आनन-फानन में बड़हलगंज स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक अविवाहित थे और किसी कार्य से जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
रिपोर्टर फूलमती मौर्य 151188511
