फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं नेताओं द्वारा महिलाओं के साथ हो रहे जघन्य अपराधों, हत्या, बलात्कार की घटनाओं तथा प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर चौराहा पर आयोजित किया गया, जिसके बाद महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा गया। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है तथा सत्ता संरक्षित अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने हाल ही में गाजीपुर जनपद के करंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कटारिया में 16 वर्षीय बालिका की हत्या तथा हरदोई जनपद के मल्लावां थाना क्षेत्र में एक अन्य युवती की हत्या की घटनाओं का उल्लेख करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि जब पार्टी के प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे तो उन्हें बाधाओं का सामना करना पड़ा। गाजीपुर में प्रतिनिधिमंडल पर पत्थरबाजी की घटना में पूर्व मंत्री सहित कई नेताओं के घायल होने का दावा भी किया गया। इसे लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए गए। धरना प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि प्रदेश में लगातार लूट, हत्या और बलात्कार जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं, जबकि शासन-प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने इसे महिलाओं की सुरक्षा के प्रति असंवेदनशील रवैया बताया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से जिला महासचिव , पूर्व विधायक , महिला सभा अध्यक्ष , पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त कमलेश विश्वकर्मा, छात्र सभा अध्यक्ष सचिन मौर्या, जिला उपाध्यक्ष आशुतोष पाण्डेय, निसार अहमद, डॉ. रामबहादुर पटेल, सुरेश यादव, विनोद यादव, अश्वनी सोनी, वकार अहमद, विकास यादव, फैजान अहमद, राजकुमारी सरोज, शेर बहादुर यादव, विज्ञान यादव, तबारक हुसैन, अमीरूल हक़, भरत व्यास शर्मा, सोनू विश्वकर्मा, फूलचंद विश्वकर्मा, शिव प्रताप सोनी, अजय यादव, शिवम मौर्या, राजेश यादव सहित अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
