एम्स थाना क्षेत्र के कुसम्ही बाजार स्थित रामजानकी मंदिर के पास बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक पक्ष की ओर से तलवार और चाकू से हमला किए जाने पर चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में कालीचरण, गोविंद, सोनू और गुड्डू शामिल हैं। सभी कुस्मी मार्केट के रहने वाले बताए जा रहे हैं। गुड्डू कसौधन बजरंग दल से जुड़े हैं और बीच-बचाव में उन्हें चोट आई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित लोगों ने गोरखपुर-कसया रोड जाम कर दिया। सूचना मिलते ही एम्स थाना पुलिस के साथ एसपी सिटी निमिष पाटील, कैंट सीओ और अन्य फोर्स मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया।
परिजनों का आरोप है कि दूसरे पक्ष के सद्दाम और जब्बार ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला किया और उनके घर में बड़ी मात्रा में हथियार रखे हैं। पुलिस से छापा मारकर बरामदगी की मांग की गई है। घटना के बाद से सद्दाम, जब्बार समेत पांच आरोपी भागे हुए हैं। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कालीचरण और सद्दाम दोनों ऑटो चालक हैं। गुरुवार शाम सवारी बैठाने को लेकर विवाद हुआ था, जो अगले दिन सुबह बढ़ गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है। मौके पर चौरीचौरा विधायक सरवन निषाद ने पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। रिपोर्ट - फूलमती मौर्य 151188511
