प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा विस्तार, ओपीडी से वार्ड तक सुधार तेज
मेडिकल कॉलेज में मरीजों को राहत, नई व्यवस्थाओं से बढ़ी सुविधाएं
ओपीडी में राहत, वार्डों में सुधार—मेडिकल कॉलेज में नई व्यवस्था लागू
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। डॉ. सोनेलाल पटेल स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, प्रतापगढ़ में मरीजों को बेहतर, सुव्यवस्थित और समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र कुशवाहा के निर्देशन में अस्पताल की ओपीडी व्यवस्था से लेकर वार्ड प्रबंधन तक लगातार सुधार किए जा रहे हैं। अस्पताल प्रशासन ने ओपीडी क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन और मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए थ्री सीटर ओपीडी हाल की व्यवस्था लागू की है। इस व्यवस्था से मरीजों और उनके तीमारदारों को बैठने की बेहतर सुविधा मिलेगी, जिससे लंबे समय तक खड़े रहने की समस्या में राहत मिलेगी। साथ ही पंजीकरण, डॉक्टर से परामर्श और जांच प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी। इसके अतिरिक्त वार्डों में भी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अस्पताल के प्रत्येक तल पर साफ-सफाई, मरीजों की देखभाल, बेड व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाओं को नियमित रूप से बेहतर करने के निर्देश दिए गए हैं। वार्डों में भर्ती मरीजों को बेहतर वातावरण और समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए निगरानी व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र कुशवाहा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में लगातार सुधार कार्य चल रहे हैं और आने वाले समय में और भी नई सुविधाएं जोड़ी जाएंगी, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी बताया कि ओपीडी और वार्ड दोनों स्तरों पर व्यवस्था सुधार का उद्देश्य अस्पताल में आने वाले मरीजों का समय बचाना और उन्हें बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है। इसके लिए डॉक्टरों और स्टाफ को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अस्पताल में किए जा रहे इन सुधारों का सकारात्मक असर मरीजों और उनके परिजनों पर देखने को मिल रहा है। लोगों ने नई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इससे अस्पताल की सेवाओं में स्पष्ट सुधार दिखाई दे रहा है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह प्रक्रिया यहीं नहीं रुकेगी, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक आधुनिक, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
