फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। सदर विधानसभा क्षेत्र में भगवान विष्णु के छठवें अवतार भगवान परशुराम जी की जयंती के पावन अवसर पर नगर में भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कंपनी गार्डन से प्रारंभ हुई यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे मार्ग में जयघोष, भक्ति गीतों और धार्मिक नारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा भी शोभायात्रा में शामिल हुए और भगवान परशुराम जी का विधिवत पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम जी का जीवन त्याग, तपस्या, धर्म और न्याय का प्रतीक है। उनके आदर्श आज के समाज में भी उतने ही प्रासंगिक हैं और हमें सत्य एवं धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। शोभायात्रा में विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनमें भगवान परशुराम जी के जीवन प्रसंगों को दर्शाया गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई, जिससे आयोजन में उत्साह और उल्लास का विशेष माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान सेवा भावना का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया। श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के लिए जगह-जगह शरबत और जलपान की व्यवस्था की गई। स्वयं पूर्व विधायक धीरज ओझा ने भी लोगों को शरबत पिलाकर सेवा कार्य में सहभागिता की। इस अवसर पर प्रदीप शुक्ला, अभिषेक तिवारी, नीरज ओझा, हरीश शुक्ला, निलेश पांडे, दिलीप दुबे, आलोक तिवारी, अजय तिवारी, अभिषेक मिश्रा, कुलवंत शर्मा, जगदंबा प्रसाद शर्मा एवं मीडिया प्रभारी आयुष महेंद्र सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन भगवान परशुराम जी की आरती और क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना के साथ किया गया। यह शोभायात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का भी संदेश दे गई। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
