उत्तर प्रदेश जनपद चन्दौली के मुगलसराय क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक युवक को 750 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुगलसराय विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। जनपद में अपराध एवं नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 19 अप्रैल 2026 को मुगलसराय पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त व संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पटनवा तिराहा पर चेकिंग के समय एक मुखबिर खास ने सूचना दी कि ग्राम हमीदपुर स्थित भांग की दुकान के पास एक कमरे में एक युवक अवैध गांजा रखकर बेच रहा है।सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने बिना देर किए बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर एक संदिग्ध युवक मिला, जिसे पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम अंकूर जायसवाल पुत्र अखिलेश जायसवाल, निवासी डिहवा, थाना मुगलसराय, जनपद चन्दौली, उम्र लगभग 20 वर्ष बताया।पुलिस द्वारा की गई तलाशी में युवक के कब्जे से एक पॉलिथीन में रखी हुई अलग-अलग 08 पुड़िया प्लास्टिक पन्नी में पैक तथा शेष ढीला रखा हुआ अवैध गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे को इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर कुल 750 ग्राम पाया गया।पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा को छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर अधिक दामों पर बेचता था। पुलिस ने मौके से बरामद माल को कब्जे में लेते हुए आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।इस संबंध में थाना मुगलसराय में मु0अ0सं0 186/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मुगलसराय विजय प्रताप सिंह के साथ उपनिरीक्षक सूरज कुमार (चौकी प्रभारी औद्योगिकनगर), हेड कांस्टेबल सुभाष सिंह तथा कांस्टेबल सुनील कुमार गुप्ता शामिल रहे।पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। रिपोट - सन्दीप मौर्या 151000146
