हरदोई। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने देश में कथित कट्टरपंथी गतिविधियों, अवैध कब्जों और सुनियोजित षड्यंत्रों के विरोध में विरोध-प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। संगठन ने इन मुद्दों को राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक सद्भाव और कानून-व्यवस्था से जुड़ा बताते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि देश में “लव जिहाद”, जबरन धर्मांतरण, अवैध भूमि कब्जे, सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाली घटनाएं तथा हिंदू परिवारों के उत्पीड़न जैसी गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिन पर प्रभावी रोक लगाने की आवश्यकता है।
ज्ञापन में नासिक और उत्तर प्रदेश से जुड़े कुछ मामलों का उल्लेख करते हुए इन घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही सार्वजनिक, वन, रेलवे और सैन्य भूमि पर बताए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने की भी मांग उठाई गई।
बजरंग दल ने केंद्र सरकार से लव जिहाद और जबरन धर्मांतरण रोकने के लिए कठोर केंद्रीय कानून लागू करने, जनजातीय क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा तंत्र विकसित करने तथा राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में संलिप्त तत्वों को चिह्नित कर त्वरित दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि बजरंग दल राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए प्रतिबद्ध है और प्रशासन से अपेक्षा करता है कि ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाकर देश में शांति और सद्भाव बनाए रखा जाए। विरोध प्रदर्शन में बजरंग दल के जिला सहसंयोजक प्रशांत सिंह, विहिप के जिला विशेष संपर्क प्रमुख नागेंद्र, जिला उपाध्यक्ष सीतू रस्तोगी, हिमांशु गुप्ता नगर अध्यक्ष सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। देखे सुमित श्रीवास्तव की रिपोट
20260418194528185786564.mp4
20260418194558642230572.mp4
20260418194615782173166.mp4
