ईको कार के उड़े परखच्चे, 12 सवारियों में मची चीख-पुकार; एक की हालत गंभीर
पीलीभीत। रफ्तार के कहर ने एक बार फिर दो हंसते-खेलते परिवारों के चिराग बुझा दिए। शुक्रवार देर रात बरेली-पीलीभीत हाईवे पर एक अनियंत्रित ट्रक और ईको कार के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, हादसा जहानाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ। एक ईको कार बरेली से सवारियां लेकर पीलीभीत की ओर आ रही थी। कार में कुल 12 यात्री सवार थे, जिनमें से 2 यात्री नवाबगंज में उतर गए थे। शेष 10 यात्रियों को लेकर जैसे ही कार जहानाबाद क्षेत्र में पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और भीतर सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
मदद को दौड़े राहगीर, पुलिस ने घंटों की मशक्कत
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जहानाबाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। कार में फंसे घायलों को निकालने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। किसी तरह घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में से एक की पहचान रजत (निवासी मोहल्ला बाग गुलशेर खां, थाना सुनगढ़ी) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास अभी जारी हैं। घायलों में से एक यात्री की हालत नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद बरेली के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। अन्य छह यात्री, जिन्हें मामूली चोटें आई थीं, उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उनके परिजन घर ले गए।
हादसे के कारण हाईवे पर काफी समय तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका। एसपी विक्रम दहिया ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान पीलीभीत 151173981
