फास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत में हिट एंड रन: मासूम के सिर से उठा पिता का साया, आरोपी फरार
पीलीभीत:रफ्तार के कहर ने एक बार फिर एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। पीलीभीत के करेली थाना क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पिता-पुत्री को ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि पिता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है
शाहजहांपुर के ग्राम अजमतपुर (थाना बंडा) निवासी देवेन्द्र सिंह अपनी बेटी अन्नू के साथ अपनी बहन के घर (गांव पंडरी मरौरी) गए थे। देर रात घर वापस लौटते समय मीरपुर गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि देवेन्द्र की सांसें मौके पर ही थम गईं। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय राहगीर अर्जुन ने तत्परता दिखाते हुए 'यूपी 112' को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को बिलसंडा सीएचसी पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने देवेन्द्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल अन्नू को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहाँ उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
थाना अध्यक्ष विपिन शुक्ला ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है; जिस घर में उनके लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां अब मातम पसरा है। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान पीलीभीत 151173981
