वाराणसी । देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के कृषि विज्ञान संस्थान द्वारा 18 एवं 19 अप्रैल, 2026 को “एग्रो-इंडस्ट्रीज, अकादमिया एवं किसान सम्मेलन – 2026” का भव्य आयोजन शताब्दी कृषि प्रेक्षागृह, कृषि विज्ञान संस्थान, बीएचयू परिसर में किया जा रहा है। यह कार्यक्रम कृषि उद्योग, किसान और शिक्षा जगत के बीच समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी पहल होगी, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में किसान, उद्योग प्रतिनिधि, स्टार्टअप, वैज्ञानिक, शोध संस्थान, विद्यार्थी एवं आमजन शामिल होंगे।
यह दो दिवसीय सम्मेलन कृषि क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों, उत्पादों एवं नवाचारों के प्रदर्शन के साथ-साथ ज्ञान एवं अनुभव के आदान-प्रदान का एक सशक्त मंच प्रदान करेगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न तकनीकी सत्र, पैनल चर्चा, उद्योग प्रस्तुतियां एवं प्रदर्शनी आयोजित की जायेंगी, जिनके माध्यम से प्रतिभागियों को कृषि के आधुनिक स्वरूप, बाजार की संभावनाओं तथा भविष्य की रणनीतियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त होगी। इसके साथ ही प्रगतिशील किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (FPOs) तथा उद्योग जगत के बीच सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने का सफल प्रयास होगा।
इस आयोजन में बीज, उर्वरक, कीटनाशक, कृषि यंत्र, फूड एवं डेयरी प्रोसेसिंग, मुर्गी पालन तथा पशु आहार से जुड़े उद्योगों एवं स्टार्टअप्स की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी। प्रतिभागियों को अपने उत्पादों, तकनीकों एवं नवाचारों के प्रदर्शन का अवसर मिलेगा, साथ ही साथ उन्हें विशेष प्रस्तुतीकरण (पिचिंग) के लिए एक सत्र भी प्रदान किया जाएगा, जिसमे वे अपने विचारों, अनुभवों एवं उत्पादों को सीधे किसानों, वैज्ञानिकों एवं निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे। यह आयोजन बाजार संपर्क, तकनीक हस्तांतरण, अनुसंधान सहयोग एवं किसानो के जागरूकता के लिए एक उत्कृष्ट अवसर सिद्ध होगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत उद्योगों एवं स्टार्टअप्स के लिये स्टॉल उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न श्रेणियों में स्पॉन्सरशिप के अवसर भी प्रदान किए जाएँगे, जिनके अंतर्गत प्रतिभागियों को विशेष पहचान एवं मंच पर प्रस्तुति का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम का आयोजन 18–19 अप्रैल 2026 को प्रातः 9:00 बजे से शताब्दी कृषि प्रेक्षागृह, कृषि विज्ञान संस्थान, बीएचयू, वाराणसी में किया जाएगा। पहले दिन उद्घाटन सत्र, प्रदर्शनी भ्रमण, तकनीकी सत्र एवं पैनल चर्चा के साथ-साथ उद्योग प्रस्तुतियां आयोजित होंगी तथा दूसरे दिन के तकनीकी सत्र में पादप संरक्षण प्रबंधन, मूल्य संवर्धन एवं खाद्य प्रसंस्करण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विषय विशेषज्ञों द्वारा चर्चा की जाएगी। प्रदर्शनी दोनों दिनों में प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक खुली रहेगी।
इस सम्मेलन में एग्रो-इंडस्ट्रीज, फूड एवं डेयरी उद्योग, स्टार्टअप्स, प्रगतिशील किसान, एफपीओ, शोध संस्थान, वैज्ञानिक, छात्र, मीडिया प्रतिनिधि एवं आमजन आदि को सहभागिता के लिए आमंत्रित किया गया है। सभी इच्छुक प्रतिभागियों से अनुरोध है कि वे इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करें। यदि आप इस आयोजन में अपने उत्पादों, तकनीकों या नवाचारों को प्रदर्शित करने हेतु स्टॉल लगाना चाहते हैं, तो इसके लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।
जो प्रतिभागी स्टॉल स्थापित करने के इच्छुक हैं अथवा जिन्हें पंजीकरण एवं सहभागिता से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी चाहिए, वे कृषि विज्ञान संस्थान, बीएचयू के निदेशक कार्यालय से संपर्क कर विस्तृत जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते है।
कृषि विज्ञान संस्थान, बीएचयू के निदेशक प्रो. उदय प्रताप सिंह ने सभी इच्छुक प्रतिभागियों से इस भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि यह मंच कृषि, उद्योग, किसान, अनुसंधान एवं शिक्षा के समन्वय का एक अद्वितीय अवसर प्रदान करेगा, जो न केवल नवाचार को बढ़ावा देगा, बल्कि किसानों की आय वृद्धि एवं कृषि क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी संबंधित हितधारकों से समय रहते पंजीकरण कर इस सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की है ।। रविन्द्र गुप्ता
