फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। छितमपुर गांव में जहां चोरों ने सूझबूझ के साथ घर के बाहर भूसे में छिपाकर रखे गए गेहूं को निशाना बनाया और बड़ी मात्रा में अनाज चोरी कर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छितमपुर निवासी श्यामा प्रजापति का पूरा परिवार छोटे भाई के घर आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने गया हुआ था। इसी दौरान मौका पाकर चोरों ने घर के पास रखे तीन सेट भूसे में छिपाकर रखे गए गेहूं पर हाथ साफ कर दिया।
रात करीब 11 बजे परिवार के सदस्य वापस लौटे और घर के अंदर सो गए। सुबह जब पशुओं को चारा देने के लिए भूसा निकालने पहुंचे, तो देखा कि उसमें रखा गेहूं गायब है। बताया जा रहा है कि चोरों ने करीब 14 बोरी, यानी लगभग 8 से 10 कुंतल गेहूं भूसे से निकालकर पहले पास स्थित प्राइमरी स्कूल की बाउंड्री में इकट्ठा किया और फिर बगल के मकान के पीछे ले जाकर उसे पार कर दिया।
घटना स्थल के पास स्थित प्राथमिक विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब होने के कारण चोरों की पहचान नहीं हो सकी। सूचना मिलते ही पीड़ित परिवार ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की।
कुछ देर बाद चौबेपुर थाने के एसआई शिव प्रकाश वर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
गांव में हुई इस घटना के बाद से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोग पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।लईक आफताब चौबेपुर फास्ट न्यूज़ इंडिया 151166686
