फ़ास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रयागराज। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर सम्मान अभियान के तहत विधानसभा बारा क्षेत्र में गुरुवार को विमला पैलेस जारी में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष राजमणि पासवान ने की।
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री विधायक पश्चिमी सिद्धार्थनाथ सिंह ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पार्चन कर नमन करते हुए कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, न्याय और अधिकार देता है, लेकिन किसी को भी प्रदर्शन के नाम पर तोड़फोड़, हिंसा और अराजकता फैलाने का अधिकार नहीं देता। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब छुआछूत और भेदभाव से पीड़ित थे, लेकिन उन्होंने संविधान के माध्यम से हर भारतीय को समान अधिकार देकर देश को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य किया।
सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि सनातन परंपरा में मूल रूप से भेदभाव नहीं था, किंतु सामाजिक विकृतियों ने समाज को बांटने का प्रयास किया। आरक्षण को लेकर उन्होंने समाज को संदेश देते हुए कहा कि जब कोई व्यक्ति आरक्षण का लाभ लेकर सक्षम हो जाए, तो उसे स्वेच्छा से सरकारी लाभ छोड़कर कमजोर वर्ग को आगे बढ़ाने में सहयोग करना चाहिए, जिससे समाज में वास्तविक समरसता और समान अवसर की भावना मजबूत हो।
उन्होंने महिला आरक्षण पर कहा कि बाबा साहेब महिलाओं को समान अधिकार दिलाने के पक्षधर थे, लेकिन विपक्ष के कई नेताओं ने महिला आरक्षण विधेयक का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिला आरक्षण लागू करना बाबा साहेब के सपनों को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
विपक्ष पर हमला बोलते हुए सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि बाबा साहेब ने पूजा के लिए नहीं, बल्कि जनसेवा के लिए प्रेरित किया था, लेकिन आज कुछ दल राजनीति के लिए अपनी मूर्तियां बनवाकर स्वयं पूजा कराने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने राजनीतिक स्वार्थ के लिए संविधान में सौ से अधिक संशोधन किए और अनुच्छेद 370 हटाने का साहस नहीं जुटा सकी, जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने हटाकर देश में एक कानून की दिशा में बड़ा निर्णय लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का स्वागत भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी एवं जिला कोषाध्यक्ष अनूप केसरवानी ने माल्यार्पण, अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। स्वागत संबोधन अभियान के जिला संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष सुधाकर पांडेय ने किया। संचालन जिला महामंत्री रत्नाकर सिंह पटेल ने किया तथा आभार मंडल अध्यक्ष दिनेश प्रजापति ने व्यक्त किया। संगोष्ठी में ब्लॉक प्रमुख इंद्रनाथ मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष डॉ. देवी सिंह पटेल, मंडल अध्यक्ष बंदना सिंह, जगत नारायण शुक्ल, अखिलेश सिंह पटेल, अमित पासी, सर्वेश पांडेय, द्विजेश, वीरेंद्र शुक्ल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। रिपोट - दिलीप कुमार चतुर्वेदी 151172563
