फ़ास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत: पीलीभीत टाइगर रिजर्व पीटीआर की बराही रेंज में बुधवार देर रात वन विभाग की टीम और वन्यजीव तस्करों के बीच तीखी मुठभेड़ हो गई। सिमरा बीट द्वितीय में गश्त के दौरान जब वन दरोगा कपिल कुमार और फॉरेस्ट गार्ड अनिल कुमार की टीम ने संदिग्ध बाइक सवारों को घेरने की कोशिश की, तो अवैध असलहों से लैस तस्करों ने टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
वनकर्मियों ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। खुद को घिरता देख तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गए। हालांकि, हड़बड़ी में वे अपनी बाइक और शिकार किए गए एक जंगली सुअर का शव मौके पर ही छोड़ गए।
मौके से एक बाइक और मृत जंगली सुअर बरामद किया गया है। हजारा थाना क्षेत्र के राघवपुरी निवासी हरजिंदर सिंह को नामजद किया गया है। अन्य अज्ञात तस्करों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
पीटीआर के डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह के अनुसार, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीमें फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं।
वन्यजीव अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान पीलीभीत -151173981
