फास्ट न्यूज़ इंडिया मध्य प्रदेश शिवपुरी पिछोर: बस स्टैंड स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह लोधी उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
महापुरुषों को सीमाओं में ना बांधें
सभा को संबोधित करते हुए विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने कहा कि हमें बाबा साहेब के पदचिन्हों पर चलना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि बाबा साहेब को किसी एक जाति तक सीमित करना गलत है, वे पूरी दुनिया के महापुरुष हैं और उनका वर्चस्व वैश्विक है। विधायक ने लोगों से अपील की कि वे महापुरुषों के विचारों को समेट कर न रखें बल्कि उन्हें समाज में फैलाएं।
10 कदमों से बनेगा पिछोर नंबर वन
विधायक ने पिछोर के विकास के लिए अपना संकल्प साझा करते हुए कहा कि मेरा सपना पिछोर को नंबर वन विधानसभा बनाना है। इसके लिए उन्होंने '10 कदम' का सूत्र दिया, जिसमें 2 कदम जनता के, 2 कदम कार्यकर्ताओं के, 2 कदम केंद्र सरकार के, 2 कदम राज्य सरकार के और 2 कदम विधायक के स्वयं के होंगे। उन्होंने कहा कि 5 सालों में पिछोर के 30 साल के इतिहास को बदल दिया जाएगा।
कार्यकर्ताओं को बनाएंगे 'डायमंड'
विधायक ने अपने कार्यकर्ताओं की कार्यशैली पर भरोसा जताते हुए कहा कि वे जमीन पर रहकर काम करते हैं। उन्होंने विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र अहिरवार को समाज का 'डायमंड' बताया और कहा कि हम दोनों मिलकर समाज की सेवा करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे राजनीति करने या पैसे कमाने नहीं, बल्कि केवल समाज सेवा और पिछोर का विकास करने आए हैं।
शिक्षा और स्वास्थ्य पर रहेगा फोकस
उन्होंने विकास के रोडमैप पर चर्चा करते हुए कहा कि चाहे स्वास्थ्य विभाग हो, शिक्षा हो या सुंदरीकरण, हर क्षेत्र में विकास किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान एक बच्चे द्वारा बाबा साहेब के दिए गए परिचय की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि हमें पिछोर में ऐसे ही प्रतिभाशाली बच्चे और कार्यकर्ता तैयार करने हैं।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र अहिरवार, गायक हरनाम सिंह लोधी, गायिका गीता कैलाश, एडवोकेट गरेठा, सरपंच अशोक यादव, विधायक प्रतिनिधि गुलाब सिंह अहिरवार सहित जाटव समाज के अनेक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। राजू जाटव 151173825
