फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा थाना कोतवाली नगर में विवेचकों का अर्दली रूम आयोजित किया गया। बैठक के दौरान लंबित एवं प्रचलित विवेचनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा प्रगति की गहन जांच की गई। अर्दली रूम में सीओ सिटी ने विवेचकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी प्रकरणों का निस्तारण शीघ्र, निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विवेचना केवल औपचारिकता न होकर न्याय प्रक्रिया का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से महिला संबंधी अपराधों, गंभीर आपराधिक मामलों एवं लंबे समय से लंबित प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही साक्ष्यों के वैज्ञानिक एवं ठोस संकलन, गवाहों के बयानों की मजबूती तथा तकनीकी साक्ष्यों के उपयोग पर विशेष बल दिया। ने चेतावनी देते हुए कहा कि विवेचना में किसी भी प्रकार की लापरवाही, पक्षपात या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विवेचकों को अभिलेखों के उचित रख-रखाव एवं समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि और जनता का विश्वास निष्पक्ष एवं तेज विवेचना पर निर्भर करता है, इसलिए प्रत्येक विवेचक अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ पालन करे। बैठक के अंत में सभी अधिकारियों ने दिए गए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन करने का आश्वासन दिया। यह बैठक अपराध नियंत्रण व्यवस्था को मजबूत करने और न्याय प्रक्रिया को तेज गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
