फास्ट न्यूज इंडिया यूपी पट्टी, प्रतापगढ़। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को डिजिटल युग से जोड़ने के उद्देश्य से “बेटी शिक्षा अभियान…अब डिजिटल हुई उड़ान” के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम तरुण चेतना द्वारा वात्सल्य एवं फावा नेटवर्क के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें 30 किशोरियों को ‘डिजिटल साथी’ के रूप में प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण बालिकाओं को डिजिटल साक्षरता, ऑनलाइन सुरक्षा और ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म से जोड़ना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए तरुण चेतना के निदेशक नसीम अंसारी ने कहा कि वर्तमान समय डिजिटल युग का है और यदि बेटियां तकनीक से जुड़ेंगी तो वे न केवल अपनी शिक्षा को आगे बढ़ा सकेंगी बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित कर पाएंगी। उन्होंने संस्था के लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि हर बेटी तक डिजिटल शिक्षा पहुंचाना ही इस अभियान का उद्देश्य है। अभियान समन्वयक हुश्ननारा बानो ने बताया कि यह अभियान जिले के 25 गांवों में चलाया जा रहा है, जिसका लक्ष्य 500 ड्रॉप-आउट किशोरियों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें डिजिटल रूप से सक्षम बनाना है। इस अभियान में जीजीआईसी पट्टी का विशेष सहयोग रहा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को साइबर बुलिंग, पासवर्ड सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पट्टी की प्रवक्ता कंचन मिश्रा एवं पूजा गुप्ता ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्मार्टफोन/टैबलेट वितरण योजना और राष्ट्रीय छात्रवृत्ति योजना की जानकारी साझा की। कार्यक्रम के समापन पर 30 किशोरियों को ‘डिजिटल साथी’ के रूप में पहचान पत्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने ‘पढ़ूंगी और डिजिटल सखी बनूंगी’ की शपथ लेकर शिक्षा और तकनीक के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।कार्यक्रम का संचालन कलावती पटेल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संस्था के कोऑर्डिनेटर बृजलाल द्वारा किया गया। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
