फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। भारत रत्न भीम राव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जनपद के सभी बूथों पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान जगह-जगह बाबा साहब के चित्र व प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। जिला अध्यक्ष आशीष कुमार श्रीवास्तव एवं सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। जिला अध्यक्ष आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि बाबा साहब एक महान न्यायविद, अर्थशास्त्री और समाज सुधारक थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन वंचित और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उनके विचार आज भी राष्ट्र निर्माण में अत्यंत प्रेरणादायक हैं।सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य ने कहा कि बाबा साहब ने देश को ऐसा संविधान दिया, जो सभी वर्गों को समान अधिकार और अवसर प्रदान करता है। उनका जीवन हमें शिक्षित, संगठित और संघर्षशील बनने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का जीवन और कार्य आने वाली पीढ़ियों को एक न्यायपूर्ण और प्रगतिशील समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा। जिला मीडिया प्रभारी राघवेन्द्र शुक्ल ने जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा द्वारा सभी बूथों पर बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया गया। वहीं जिला सह मीडिया प्रभारी देवेश त्रिपाठी ने बताया कि जयंती के उपलक्ष्य में विधानसभा स्तर पर गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा तथा अनुसूचित बस्तियों में जनसंपर्क कर बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक जिला उपाध्यक्ष पवन गौतम रहेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019094
