खैरागढ़। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को खैरागढ़ में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा ऊंटगिर से प्रारंभ होकर कस्बे के मुख्य मार्गों से होती हुई पूरे नगर में भ्रमण करती नजर आई।
शोभायात्रा में सुंदर झांकियां, आकर्षक बग्गी और मधुर बैंड की धुनों के साथ “जय भीम” के नारों से पूरा खैरागढ़ गूंज उठा। जगह-जगह चौराहों पर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मुस्तैद नजर आए।
इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में बाबा साहब के अनुयायी पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने डॉ. आंबेडकर के जीवन और उनके संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार दिलाने के लिए जीवनभर कार्य किया। उनके विचार आज भी शिक्षा, समानता और एकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
इस शोभायात्रा का आयोजन खैरागढ़ के अंबेडकरवादी समुदाय एवं भीमराव राइट कमेटी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में युवा नेता शिवा गर्ग ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर “जय भीम” के नारे लगाए।
मौके पर आयोजक समिति के अंतराम, राहुल मंडोरिया, हरी निवास, जितेंद्र, सुरेंद्र, होरीलाल, विश्वनाथ, शशि कर्दम, प्रेम सिंह, राजेश, आलोक कर्दम, रजत, संदीप भास्कर, वीरू समाजसेवी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। रिपोट - शाहरुख़ बेग 151188410