फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड। पूर्व विधायक प्रेमानन्द महाजन ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को लिखे एक पत्र में उन्होंने बताया कि फेसबुक पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक पोस्ट साझा की गई है, जिसमें दावा किया गया है कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ज्वाइन कर ली है। महाजन ने स्पष्ट किया कि वह वर्तमान में कांग्रेस पार्टी के सक्रिय सदस्य हैं और उनके भाजपा में शामिल होने की खबर पूरी तरह से निराधार और असत्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार की झूठी पोस्ट उनकी राजनीतिक छवि को नुकसान पहुँचाने और जनता व समर्थकों के बीच भ्रम पैदा करने की साजिश है। पूर्व विधायक ने पत्र के साथ भ्रामक पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी संलग्न किए हैं और पुलिस से मांग की है कि इस कृत्य के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ आईटी एक्ट व मानहानि की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाए। इस पत्र की एक प्रति उचित कार्रवाई के लिए थाना अध्यक्ष दिनेशपुर को भी भेजी गई है। शाहनूर अली 151045804
