बेलीपार क्षेत्र के खरोहवा गांव में शनिवार रात अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी को पीटकर मार डाला। सूचना पर पहुंची बेलीपार पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया। पुलिस के अनुसार, बेलीपार क्षेत्र के खरोहवा गांव में शनिवार रात करीब 11:30 बजे राजकुमार का पत्नी किसमती (30) से किसी से अवैध संबंध की बात को लेकर विवाद हो गया।
इस दौरान शराब के नशे में धुत राजकुमार ने अपनी पत्नी को बुरी तरह पीटा और घायल अवस्था में छोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 11:30 बजे की है। आरोपी पति नशे की हालत में अपनी पत्नी को घसीटते हुए घर के अंदर ले जा रहा था और उसकी पिटाई कर रहा था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई।
सूचना पर पहुंची बेलीपार पुलिस ने महिला को तत्काल जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सत्यता जानने के लिए पोस्टमार्टम का इंतजार किया जा रहा है। महिला की पांच साल की बच्ची भी है। महिला का मायका महेवा चुंगी के कठऊर में है। उसकी शादी सात वर्ष पूर्व हुई थी।
राजकुमार की मां यहां पर नेवासा पर रह रही थी, जबकि वह मूल रूप से सहजनवां का निवासी है। किसमती के पिता दिलीप निषाद ने पति राजकुमार, ससुर व सास पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है।
थाना प्रभारी विशाल कुमार सिंह ने बताया कि महिला के पिता दिलीप निषाद की तहरीर प्राप्त हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर फूलमती मौर्य 151188511
