फास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
बिलसंडा के मीरपुर रतनपुर में किसानों पर टूटा कहर, मुआवजे की मांग तेज
पीलीभीत। जनपद के बिलसंडा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत जमुनिया महुआ के मजरा मीरपुर रतनपुर में रविवार दोपहर भीषण अग्निकांड ने किसानों की कमर तोड़ दी। तेज हवाओं के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 400 बीघा गेहूं की खड़ी फसल व नरई जलकर पूरी तरह राख हो गई। अचानक खेतों से उठते धुएं को देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस हादसे में ओमेंद्र सिंह, राकेश सिंह, पप्पू सिंह, पप्पन सिंह और राजीव समेत कई किसानों को भारी नुकसान हुआ है। किसानों ने बताया कि उनकी सालभर की मेहनत पल भर में जलकर खत्म हो गई और वे बेबस होकर देखते रह गए।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी शरारती तत्व की करतूत है। प्रभावित किसानों ने सरकार से उचित मुआवजे की मांग की है, ताकि वे इस आर्थिक संकट से उबर सकें। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
