चिकित्सक पर कारण बताओ नोटिस, आधा वेतन रोका, 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी गई
फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनपद प्रतापगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), पट्टी में मरीज से अवैध रूप से ब्लड टेस्ट बाहर कराने और ₹2000 की मांग करने की घटना ने स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा दिया।अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, अमित कुमार घोष ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), प्रतापगढ़ को 24 घंटे में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोषी कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी। दिनांक 8 अप्रैल 2026 को ग्राम उपाध्यायपुर निवासी अजीत कुमार मिश्रा अपने पिता दया शंकर मिश्रा को उपचार के लिए सीएचसी पट्टी लाए। शिकायत के अनुसार, चिकित्सक डॉ. अखिलेश जायसवाल ने अस्पताल में उपलब्ध सुविधा का उपयोग किए बिना बाहरी व्यक्तियों से रक्त नमूना लिया और जांच बाहर भेज दी। इसके एवज में ₹2000 की मांग की गई, जो पूरी तरह अवैध है। शिकायतकर्ता द्वारा वीडियो बनाने का प्रयास करने पर कथित रूप से दुर्व्यवहार भी किया गया। अपर मुख्य सचिव ने चिकित्सक को कारण बताओ नोटिस जारी किया और अग्रिम आदेशों तक उनका आधा वेतन रोका। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों का सम्मान और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर मरीजों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अमित कुमार घोष ने कहा "सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों के साथ संवेदनशील और शिष्ट व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। अवैध शुल्क और अनुचित मांग कतई स्वीकार्य नहीं है। रिपोर्ट विशाल रावत डिस्ट्रिक ब्यूरो चीफ प्रतापगढ़ 151019049
