फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनपद प्रतापगढ़ में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत कुंडा पुलिस ने तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है। पुलिस की सक्रियता से घर से नाराज होकर भटक रही 16 वर्षीय किशोरी को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों से मिलाया गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को सूचना प्राप्त हुई कि थाना लालगंज क्षेत्र के पूरे बसंत गांव की एक किशोरी घर से नाराज होकर कुंडा के हरनामगंज रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई है। किशोरी अकेली और मानसिक रूप से व्यथित अवस्था में थी, जिससे उसकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। सूचना मिलते ही कुंडा कोतवाली पुलिस और मिशन शक्ति टीम तत्काल हरकत में आ गई। उप निरीक्षक यूनुस खान और महिला कांस्टेबल दुर्गा देवी बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचे और किशोरी को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। इसके बाद उसे थाने लाकर बेहद संवेदनशीलता के साथ काउंसलिंग की गई, जिससे वह सहज हो सकी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए किशोरी के परिजनों से संपर्क स्थापित किया और उन्हें थाने बुलाया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोरी को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखें खुशी से नम हो उठीं और उन्होंने पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्य में उप निरीक्षक यूनुस खान एवं महिला कांस्टेबल दुर्गा देवी की विशेष भूमिका रही। वहीं, स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्ध वर्ग ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई, सजगता और मानवीय व्यवहार की खुलकर प्रशंसा की है। संदेश: समय पर पुलिस की सजगता और समाज के प्रति संवेदनशीलता ही “मिशन शक्ति” जैसे अभियानों की वास्तविक सफलता को दर्शाती है। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
