फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड रुद्रपुर। उधमसिंह नगर में साइबर अपराधियों और उनके मददगारों के खिलाफ एसएसपी अजय गणपति ने 'ऑपरेशन साइबर प्रहार' के तहत निर्णायक जंग छेड़ दी है। जिले में सक्रिय साइबर ठगों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए चलाए गए इस व्यापक अभियान के शुरुआती 24 घंटों में ही पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के विभिन्न थानों में साइबर अपराध से संबंधित 24 नए मुकदमे पंजीकृत किए गए हैं, जबकि 5 संदिग्धों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।
एसएसपी के निर्देशन में जनपद पुलिस उन 'म्यूल अकाउंट' (किराए के बैंक खाते) संचालकों और फर्जी सिम कार्ड गिरोहों पर शिकंजा कस रही है, जो आम जनता की मेहनत की कमाई डकारने के लिए तकनीक का सहारा लेते हैं। अब तक की जांच में 100 से अधिक संदिग्ध म्यूल अकाउंट्स को चिन्हित किया गया है। पुलिस इन खातों को फ्रीज कराने की प्रक्रिया के साथ ही इनमें संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की बारीकी से पड़ताल कर रही है।
चारधाम यात्रा और पेंशन फ्रॉड पर विशेष नजर
आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए पुलिस ने फर्जी हेलीकॉप्टर बुकिंग वेबसाइट्स और कॉल सेंटर फ्रॉड के खिलाफ विशेष रणनीति लागू की है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाले ठगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही पेंशन फ्रॉड और ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में भी पुलिस की पैनी नजर है।
जिले भर में ताबड़तोड़ छापेमारी
ऑपरेशन प्रहार के तहत गदरपुर, बाजपुर, काशीपुर, नानकमत्ता, दिनेशपुर, रुद्रपुर, जसपुर और किच्छा कोतवाली क्षेत्रों में संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। साइबर सेल की तकनीकी टीम इंटरस्टेट नेटवर्क (अंतरराज्यीय गिरोह) के सुराग खंगालने में जुटी है। जांच में सामने आया है कि अपराधी फर्जी सिम कार्ड के जरिए बैंक खाते संचालित कर ठगी की रकम को तेजी से ट्रांसफर करते हैं, जिससे पुलिस की पकड़ से बचा जा सके।
सावधान रहें, जागरूक बनें
एसएसपी अजय गणपति ने जनता से अपील की है कि वे हेलीकॉप्टर बुकिंग या अन्य ऑनलाइन सेवाओं के लिए केवल आधिकारिक पोर्टल का ही उपयोग करें। किसी भी अनजान लिंक या कॉल पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें। यदि किसी के साथ धोखाधड़ी होती है, तो वे तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी थाने में इसकी सूचना दें। पुलिस का यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज होने की उम्मीद है। शाहनूर अली स्टेट ब्यूरो चीफ उत्तराखंड 151045804

