फास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत। मंगलवार को पूरनपुर एसडीएम अजीत प्रताप सिंह ने मंडी समिति में संचालित गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों ने गेहूं खरीद में आ रही समस्याओं को लेकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। किसानों ने आरोप लगाया कि खरीद प्रक्रिया धीमी चल रही है और उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है। इस पर एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।एसडीएम अजीत प्रताप सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा कि गेहूं की खरीद नियमानुसार एवं पारदर्शी तरीके से की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि केवल वास्तविक किसानों की उपज ही खरीदी जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को गंभीरता से लिया जाएगा। इसके लिए मंडी गेट पर खसरा-खतौनी की जांच कराने और लेखपाल से सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या गड़बड़ी पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी केंद्रों पर पारदर्शी व्यवस्था बनी रहे।
इस दौरान अन्नदाता किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष गुरविंदर सिंह ने बताया कि क्रय केंद्रों पर बारदाने की भारी कमी के कारण खरीद कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन दिया जा रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर समस्या जस की तस बनी हुई है।
एसडीएम ने बारदाने की उपलब्धता तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। निरीक्षण के बाद प्रशासन ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी! रिपोर्ट जियाउल हक़ खान पीलीभीत -151173981
