फ़ास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत :खुशियों भरा माहौल मातम में बदल गया जब सोमवार की रात एक बेलगाम ट्रक ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना सोमवार रात करीब 8 बजे की है। पीलीभीत जनपद के थाना सेहरामऊ उत्तरी अंतर्गत ग्राम पंचायत केसरपुर कलां के ग्राम खड़ेपुर निवासी उस्मान गाज़ी BDC सदस्य (60) अपने भतीजे मोहम्मद हाशिम के साथ लखीमपुर खीरी के छेड़ीपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे।
रात में वापस घर लौटते समय, जैसे ही उनकी बाइक खुटार थाना क्षेत्र के तुकनिया कुसमा मोड़ पर पहुँची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उस्मान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने तुरंत घायल हाशिम को एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटार में भर्ती कराया, जहाँ उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
"हादसे की खबर जैसे ही उस्मान के घर पहुँची, परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में शादी की खुशियों की चर्चा होनी थी, वहां अब अपनों के खोने की चीखें सुनाई दे रही हैं।"रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
