फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के तहत शनिवार को तहसील सदर में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर प्रशान्त राज एवं एसडीएम सदर नैन्सी सिंह ने संयुक्त रूप से उपस्थित होकर जनसमस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने फरियादियों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए उनकी शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की संयुक्त उपस्थिति में कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिससे फरियादियों को तत्काल राहत मिली। वहीं शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के सफल आयोजन से आमजन में प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत होता नजर आया। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
