फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी वाराणसी।चौबेपुर थाना क्षेत्र के डुढुवा गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय से ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य शुभारंभ किया गया। सत्र 2026-27 की शुरुआत के साथ चोलापुर ब्लॉक में अभियान की औपचारिक शुरुआत खंड शिक्षा अधिकारी नागेंद्र सरोज ने की।
निशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा अधिनियम 2009 के तहत शत-प्रतिशत बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान के तहत डुढुवा विद्यालय से एक वृहद जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शिक्षक, छात्र-छात्राएं और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को परिषदीय विद्यालयों में अधिक से अधिक नामांकन के लिए प्रेरित किया।
खंड शिक्षा अधिकारी नागेंद्र सरोज ने कहा कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा किसी भी कारण से शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही हाउसहोल्ड सर्वे कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया, जिसके अंतर्गत शिक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर बाल गणना करेंगे और सभी बच्चों का नामांकन नजदीकी विद्यालयों में सुनिश्चित करेंगे।
रैली के दौरान बच्चों ने “एक भी बच्चा छूटा, संकल्प हमारा टूटा” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया, जो जनसमुदाय में चर्चा का विषय बना रहा।
इस अवसर पर नोडल संकुल शिक्षक राजेश रोशन, योगेंद्र प्रताप यादव, एआरपी सुजीत गुप्ता, पुनीत कुमार सिंह, भारत लाल जुमरानी, विनोद सिंह, पंकज मित्तल, दीनानाथ यादव, धनंजय राम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।लईक आफताब चौबेपुर फास्ट न्यूज़ इंडिया 151166686
