फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद बिजली घर चौराहे स्थित नगर के प्राचीन सिद्धेश्वर मंदिर में शुक्रवार से प्रारंभ हुई श्रीमद भागवत कथा के प्रथम दिवस श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं भक्ति भाव देखने को मिला। कथा के शुभारंभ अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
कथावाचक आचार्य मनीष कौशिक ने प्रथम दिवस की स्तुति का भावपूर्ण वर्णन करते हुए भगवान की महिमा का गुणगान किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद भागवत कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का माध्यम है। कथा श्रवण से मन को शांति एवं आत्मिक संतोष की प्राप्ति होती है। प्रथम दिवस की स्तुति में भगवान की आराधना, भक्ति की महत्ता और मानव जीवन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
कार्यक्रम में शहर के कई संभ्रांत एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया। मंदिर परिसर में विशेषकर महिलाओं एवं बुजुर्गों की भारी भीड़ देखने को मिली, जिससे आयोजन की भव्यता का अंदाजा लगाया जा सकता है। आयोजक कमेटी की ओर से अपील की गई कि युवा वर्ग भी भागवत कथा में शामिल हो। डिजिटल दुनिया के साथ साथ आध्यात्मिक ज्ञान होना भी हमारे जीवन में अत्यंत आवश्यक हैं।
आयोजकों ने बताया कि यह श्रीमद भागवत कथा 3 अप्रैल से 10 अप्रैल तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित की जाएगी। सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की गई है। रिपोर्ट सुनील कुमार 151044750
