फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनपद में भारतीय जनता पार्टी के दीनदयाल प्रशिक्षण महा अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रानीगंज क्षेत्र के दो प्रमुख नेताओं के समर्थक आमने-सामने आ गए और विवाद देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। दिलीपपुर स्थित भव्या गेस्ट हाउस में आयोजित इस कार्यक्रम का माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और कार्यक्रम स्थल कुछ समय के लिए रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई और कार्यक्रम की व्यवस्था पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गई। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पूर्व विधायक ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यह कार्यक्रम उनके नेतृत्व में आयोजित किया गया था, लेकिन पूर्व मंत्री के समर्थक बिना आमंत्रण के वहां पहुंच गए और कार्यक्रम में व्यवधान डालते हुए हुड़दंग शुरू कर दिया। धीरज ओझा ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री के साथ आए कई लोग पार्टी के अधिकृत पदाधिकारी नहीं थे, फिर भी उन्होंने कार्यक्रम में हस्तक्षेप किया, जिससे स्थिति बिगड़ गई। उन्होंने कहा कि जब उनके समर्थकों ने इसका विरोध किया, तो विवाद और अधिक बढ़ गया और मारपीट की नौबत आ गई।घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। हालांकि, बाद में स्थानीय स्तर पर स्थिति को किसी तरह नियंत्रित किया गया। इस घटना ने पार्टी के अंदरूनी मतभेदों को भी उजागर कर दिया है, जिसकी चर्चा राजनीतिक गलियारों में जोरों पर है। फिलहाल, इस मामले को लेकर पार्टी नेतृत्व की ओर से किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन इस घटना ने संगठनात्मक एकजुटता पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
