फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद नगर के मोहल्ला रामगढ़ी में शुक्रवार दोपहर को बुलेट बाइक से हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जिससे परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला रामगढ़ी निवासी शरीफ उर्फ जफरू का 17 वर्षीय पुत्र रिहान बाजार गया हुआ था। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में रिहान के सिर पर गंभीर चोट आई।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायल रिहान को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन इलाज से पहले ही उसकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रिहान बेहद मेहनती और जिम्मेदार लड़का था, जो आइसक्रीम बेचकर अपने परिवार की आर्थिक मदद करता था। उसकी असमय मृत्यु से पूरे मोहल्ले में गहरा शोक व्याप्त है।
मृतक की मां ने रोते-बिलखते बताया कि रिहान घटना से पहले घर से कुछ पैसे लेकर बाजार खाना खाने के लिए गया था, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह उसके जीवन का आखिरी सफर साबित होगा।उधर, थाना प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया कि सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुलेट मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। रिपोर्ट सुनील कुमार 151044 750
