नई टाउनशिप, सड़क व आधारभूत संरचना विकास को मिलेगी रफ्तार, आय में 448% वृद्धि का अनुमान
वाराणसी: वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए ₹2,866.20 करोड़ का महत्वाकांक्षी बजट पारित कर दिया है। यह बजट शहर के सुनियोजित विस्तार, आधुनिक आधारभूत ढांचे और नई आवासीय योजनाओं को गति देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
वीडीए की स्थापना 19 अगस्त 1974 को वाराणसी के समग्र एवं योजनाबद्ध विकास के उद्देश्य से की गई थी। प्रारंभ में इसका क्षेत्रफल 793 वर्ग किलोमीटर था, जिसमें महापालिका क्षेत्र सहित 635 गांव शामिल थे। वर्ष 2024 में 215 नए राजस्व ग्रामों के जुड़ने से अब इसका विकास क्षेत्र बढ़कर 1073 वर्ग किलोमीटर हो गया है।
गंगा नदी के दोनों किनारों पर फैले इस विकास क्षेत्र में सड़क, सीवर, जल निकासी, आवासीय योजनाएं और टाउनशिप विकास जैसे कार्य प्राथमिकता पर किए जा रहे हैं।
वित्तीय वर्ष 2025–26 में वीडीए का पुनरीक्षित बजट लगभग ₹378 करोड़ आय और ₹467.50 करोड़ व्यय का था। वहीं, वर्ष 2026–27 के लिए परिचालन से ₹2,070.61 करोड़ आय का अनुमान लगाया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 448% अधिक है। व्यय का अनुमान ₹2,069.07 करोड़ है, जो लगभग 343% की वृद्धि दर्शाता है।
प्रस्तावित बजट में भूमि विक्रय और प्रतिकर को सबसे बड़ा राजस्व स्रोत माना गया है, जिससे ₹1,206.31 करोड़ की आय होने की संभावना है। इसके अलावा पूंजीगत मदों और विस्तार योजनाओं के लिए ₹575 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
व्यय के तहत विकास कार्य, भूमि अधिग्रहण, आधारभूत संरचना निर्माण और प्रशासनिक खर्चों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
चालू वित्तीय वर्ष में मढ़नी, गंजारी और कल्लीपुर टाउनशिप योजनाओं के तहत करीब ₹1,700 करोड़ की प्रतिकर राशि वितरित किए जाने की संभावना है, जिससे इन परियोजनाओं को गति मिलेगी।
तेजी से हो रहे नक्शा स्वीकृति कार्य और नई टाउनशिप परियोजनाओं के कारण भूमि मूल्य के बेहतर उपयोग से वास्तविक आय अनुमान से अधिक होने की संभावना जताई जा रही है।
यह बजट वाराणसी के तेजी से हो रहे शहरी विस्तार, आधुनिक टाउनशिप और जनसुविधाओं को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा। वीडीए की योजनाएं शहर को सुव्यवस्थित, आधुनिक और विकसित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
