फास्ट न्यूज इंडिया यूपी लालगंज, प्रतापगढ़। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा आयोजित सीटीईटी परीक्षा में जालसाजी कर दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने वाले वांछित आरोपी को लालगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार, बीती 8 फरवरी को नगर के अझारा स्थित पं. नागेशदत्त पब्लिक स्कूल में आयोजित सीटीईटी परीक्षा के दौरान एक युवक को फर्जी पहचान पत्र के जरिए दूसरे परीक्षार्थी की जगह परीक्षा देते हुए विद्यालय के शिक्षकों ने पकड़ लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना देते हुए तहरीर दी थी।तहरीर के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था। तभी से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।इसी क्रम में गुरुवार को लालगंज थाने के दरोगा बनवारी लाल पाल पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने राजेंद्र नगर चौराहे से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी फतेहपुर जिले के धाता थाना क्षेत्र के खरसेण्डवा गांव का निवासी रितेश कुमार पुत्र जगपत बताया गया है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अन्य फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
