खटीमा/उधम सिंह नगर
हज यात्रा को सुरक्षित और सुखद बनाने के उद्देश्य से उत्तराखंड राज्य हज समिति लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को उत्तराखंड राज्य हज समिति और स्वास्थ्य विभाग, जनपद उधम सिंह नगर के संयुक्त तत्वावधान में पंडित राम सुमेर शुक्ला राजकीय मेडिकल कॉलेज में हज टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य हज समिति के अध्यक्ष ख़तीब मलिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि हज यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए समिति निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार, विशेषकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और सहयोग से व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जा रहा है
ख़तीब मलिक ने जानकारी दी कि इस वर्ष केंद्रीय हज समिति एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार हाजियों के टीकाकरण के लिए राज्य के चयनित चिकित्सालयों में विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उत्तराखंड राज्य हज समिति के अधिशासी अधिकारी मोहम्मद आरिफ ने बताया कि इस शिविर में कुल 142 हाजियों का सफल टीकाकरण और मेडिकल निरीक्षण किया गया। वहीं, काशीपुर जिला चिकित्सालय में आयोजित समानांतर शिविर में 130 हाजियों का टीकाकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण संपन्न हुआ। इस प्रकार कुल 272 हाजियों को लाभान्वित किया गया।
समिति के सदस्य मुफ़्ती मन्नान रज़ा ने बताया कि आगामी दिनों में कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में हज यात्रियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में हज यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं, आवश्यक प्रक्रियाओं और धार्मिक विधियों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समिति के सदस्यों मुफ़्ती मन्नान रज़ा और ज़ीशान ओवैसी ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर समिति की सदस्या श्रीमती तरन्नुम खान, हज अधिकारी मोहम्मद अहसान, एडवोकेट सैयद नदीम ज़ैदी सहित स्वास्थ्य विभाग से अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.पी. सिंह, प्रदीप महर (ADIO), संजय रावत, नंदलाल, दीपा जोशी, तौफीक अहमद, जुनैद क़मर, दीशा शुक्ला, अंकुर धवन, रजनी भट्ट, अंजू मिश्रा, श्वेता, सुमन, पूजा, पायल, आकाश कुमार, विनोद टम्टा, चंदन सिंह सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे
