रेवाड़ी और धारूहेड़ा निकाय चुनाव पर राष्ट्रीय नवचेतना मंच ने भी हुंकार
- मतदाता सूचियों में छेड़छाड़ सहन नहीं करेंगे : सोमाणी
धनेश विद्यार्थी, देश रोजाना, रेवाड़ी।
रेवाड़ी नगर परिषद और धारूहेड़ा नगर पालिका के अगले आम चुनाव की घोषणा होने से पूर्व राष्ट्रीय नवचेतना मंच ने जिला प्रशासन से जुड़े अधिकारियों और चुनावी कार्य में दखल देने वाले कर्मचारियों को भी चेतावनी भरे लहजे में साफ कर दिया कि वे मतदाता मसौदा सूची में आपत्ति और दावे के निपटान के अलावा अपने निजी राजनीतिक हित साधने की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं करेगी।
उक्त गैर राजनीतिक संस्था के अखिल भारतीय संयोजक विजय सोमाणी ने मंगलवार को कहा कि आरएनसी की कोर कमेटी के संज्ञान में कुछ ऐसे महत्वपूर्ण तथ्य आए हैं कि कुछ लोग रेवाड़ी और धारूहेड़ा के निकाय चुनाव को प्रभावित करने के नीयत से मतदाता मसौदा सूची में छेड़छाड़ को मनमाफिक बदलवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई भी कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी।
सोमाणी ने कहा कि ऐसी मतदाता सूची में मतदाताओं की फोटो गायब होने की बात भी सामने आ रही है। इस वजह से निकाय चुनाव में गड़बड़ी होने की संभावना बढ़ जाएगी। उन्होंने सरकार और प्रशासन से यह चुनाव निष्पक्ष रूप में कराने की मांग उठाई। उन्होंने ईवीएम के इस्तेमाल को लेकर भी अपना पक्ष रखा। सोमाणी ने स्पष्ट रूप से कहा कि अगर प्रशासन के स्तर पर अगर शहरी संस्थाओं के आगामी चुनाव को लेकर कोई भी लापरवाही बरती गई तो राष्ट्रीय नवचेतना मंच, जिला, प्रदेश और चुनाव आयोग स्तर पर पत्र भेजकर जनहित में अपनी आवाज बुलंद करेगा। उन्होंने स्वतंत्र सोच और अच्छी छवि वाले उम्मीदवारों को तन मन और धन से सहयोग देने की बात कही। उन्होंने कहा कि हमारा संगठन यह चाहता है कि रेवाड़ी और धारूहेड़ा के सार्वभौमिक विकास में कोई बाधा नहीं आए और जन भावना के अनुरूप नगर पार्षद चुनकर आएं।
चित्र : विजय सोमाणी।
रिपोर्टर संदीप यादव
