गाजीपुर । मरदह क्षेत्र अंतर्गत के गोबिंदपुर किरत निवासी प्रख्यात शिक्षक मनोज कुमार सिंह की सेवानिवृत्ति पर उनके पैतृक गांव में भव्य स्वागत किया गया । शास्त्री इंटर कॉलेज, जंगीपुर से जीव विज्ञान प्रवक्ता के रूप में 24 वर्षों की सेवा पूरी कर घर लौटने पर ग्रामीणों ने उनका नागरिक अभिनंदन किया । जानकारी के अनुसार स्व. रामजन्म सिंह के पुत्र मनोज कुमार सिंह का अध्यापन करियर 34 वर्षों का रहा । उन्होंने वर्ष 1992 में माता तपेश्वरी शिक्षण संस्थान से अपनी यात्रा शुरू की , जहाँ उन्होंने दिसंबर 1999 तक अध्यापन कार्य किया । इसके बाद, जनवरी 2000 से मार्च 2024 तक उन्होंने शास्त्री इंटर कॉलेज, जंगीपुर में जीव विज्ञान के अध्यापक के रूप में सेवा दी । उनके सरल स्वभाव और उत्कृष्ट शिक्षण शैली के कारण वे छात्रों के बीच अत्यंत लोकप्रिय रहे । सेवानिवृत्ति के बाद मनोज सिंह के गोबिंदपुर किरत पहुंचने पर क्षेत्रीय गणमान्य लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया । उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित किया गया , ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच पुष्प वर्षा की गई , तथा अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट किए गए । इस अवसर पर परिवार की उपस्थिति में केक काटकर खुशियां मनाई गईं । इस मौके पर उनकी पत्नी निर्मला सिंह, पुत्र अतुल सिंह, पुत्रवधू प्रियंका सिंह, पौत्र आदित्या व अन्वित, पुत्री ज्योति सिंह और दामाद गोपाल सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे । इस स्वागत समारोह में क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इनमें संतोष सिंह, शैलेन्द्र सिंह, अनिल राय, कमलेश सिंह, उदय नारायण सिंह, नागेंद्र प्रताप सिंह, आशुतोष सिंह, प्रशांत सिंह, गौतम जी, चंदन सिंह, विपिन सिंह के साथ-साथ शिक्षण संस्थान का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण शामिल थे। जबकि मनोज सिंह ने इस स्नेहपूर्ण स्वागत के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छात्रों का प्यार और समाज का यह सम्मान ही उनकी असली पूंजी है। रिपोट - सुजीत कुमार सिंह 151164525
