विधायक के प्रयास से लालगंज टाउन एरिया को भी करोड़ों के उत्सव भवन की मिली सौगात
नरायनपुर में लोगों से मुलाकात करतीं विधायक आराधना मिश्रा मोना
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी लालगंज, प्रतापगढ़। क्षेत्रीय विधायक एवं कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने मंगलवार को क्षेत्रीय दौरे में रामपुरखास के विकास से जुडी करोडों की परियोजनाओं की मंजूरी की लोगों को जानकारियां दी। सड़क परियोजनाओं के साथ नगर पंचायत में करोड़ों के उत्सव भवन की भी शासन से मंजूरी होने की जानकारी पर लोगों के चेहरे खिल उठे। नरायनपुर गांव में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में विधायक आराधना मिश्रा मोना ने बताया क्षेत्र के रामपुर-भटनी मार्ग से कंवरा दो किमी0 सम्पर्क मार्ग के लिए शासन द्वारा एक करोड़ नौ लाख चौहत्तर हजार स्वीकृत हुआ है। वहीं क्षेत्र के सांगीपुर-राहाटीकर मार्ग से महावीरन राजमतीपुर होते हुए सांगीपुर अठेहा तक एक किमी0 के लिए इक्सठ लाख अड़तालिस हजार तथा लालगंज से पूरे नोती नहर मार्ग में छः सौ मीटर के लिए चौवालिस लाख इक्यासी हजार की मंजूरी मिली है। विधायक मोना ने कार्यक्रम में लोगों को बताया मंगापुर-रेवली मार्ग में आठ किमी0 के लिए चौड़ीकरण हेतु उन्नीस करोड़ छिहत्तर लाख उन्तीस हजार की मंजूरी मिली है। विधायक मोना ने बताया कि सांसद प्रमोद तिवारी के विशेष प्रयास से जहानाबाद, लवाना, रामपुर दाबी, रतनपुर महेशपुर, कस्बा, वनगढ़ौता से बिजलीपुर वनगड़वा मार्ग से रजैसा चौराहे तक साढ़े दस किमी0 से अधिक लम्बे मार्ग के लिए उन्नीस करोड़ बान्नवे लाख तैंतीस हजार की मंजूरी मिली है। विधायक मोना ने लोगों को नई विकास परियोजनाओं की उपलब्धियों से रूबरू कराते हुए बताया कि राज्य सड़क निधि से भी मंगापुर-मुस्तफाबाद रांकी-ननौती परानीपुर मार्ग में पूरे राज रांकी सम्पर्क मार्ग के लिए अस्सी लाख सोलह हजार की धनराशि से तेरह सौ मीटर लम्बी सड़क बनेगी। वहीं सांगीपुर विकासखण्ड के ढकवा से शिव का तारा के लिए डेढ़ किमी0 से अधिक लम्बे पिच मार्ग के लिए एक करोड़ चौसठ लाख सोलह हजार की धनराशि स्वीकृत कराए जाने में उनके प्रयास को बड़ी सफलता मिली है। विधायक मोना ने दौरे में लालगंज नगर पंचायत के अन्तर्गत सलेम भदारी वार्ड में उत्सव भवन की मंजूरी की भी जानकारी दी है। विधायक मोना के मुताबिक उत्सव भवन के लिए दो करोड़ छियासी लाख रूपये शासन द्वारा मंजूर हो चुका है। उन्होने लोगों को यह भी बताया कि स्वीकृत परियोजनाओं के लिए पहली किश्त जारी भी हो गयी है। विधायक मोना ने कहा कि सांसद प्रमोद तिवारी के नेतृत्व में इन नई परियोजनाओं से रामपुरखास के विकास को सुनहली चमक मिलेगी। वहीं इन परियोजनाओं की सौगात को लेकर विधायक के दौरे में ग्रामीणों के चेहरे खिले दिखे। विधायक मोना ने जय तड़ैला हनुमानगढ़ी धाम में आयोजित श्रीराम कथा के धार्मिक आयोजन में भी शामिल हुई। यहां संयोजक धर्मदास जी ने विधायक मोना का क्षेत्रीय लोगों की ओर से सम्मान किया। पूरे चौबे बीजूमऊ में भी विधायक मोना मोहनलाल चतुर्वेदी के संयोजन में आयोजित धार्मिक आयोजन में शामिल हुई। इसके पहले क्षेत्र के नरायनपुर सीमा पर कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीणों ने विधायक मोना एवं उनके पुत्र राघव मिश्र का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, भुवनेश्वर शुक्ल, आनन्द पाण्डेय, डॉ0 रामजीत सरोज, लालजी वर्मा, राकेश चतुर्वेदी, पप्पू तिवारी, लालजी यादव, जिपंस रघुनाथ सरोज, कुंवर ज्ञानेन्द्र सिंह, आशीष उपाध्याय, आदि रहे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
