वाराणसी। शिक्षाशास्त्र विभाग, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बी.एड. के स्काउट गाइड प्रशिक्षण का उद्घाटन मंगलवार को हुआ। उद्घाटन सत्र में विभागाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त प्रो. रमाकान्त सिंह ने कहा कि स्काउट-गाइड केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने का एक तरीका है, जो हमें अनुशासन, सेवा और नेतृत्व सिखाता है। यह जीवन का एक जीवंत दर्शन है, जहां स्वभाव, व्यवहार और सेवा के माध्यम से हम श्रेष्ठ नागरिक बनने का अभ्यास करते हैं। स्काउट लीडर डॉ. राजेंद्र यादव ने कहा है कि आज की पीढ़ी टेक्नोलॉजी, प्रतियोगिता और तनाव के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में स्काउट-गाइड संतुलित व्यक्तित्व प्रदान करता है, जहां अनुशासन, संवेदना, सेवा और राष्ट्रभक्ति का भाव होता है। इस अवसर पर डॉ. दिनेश कुमार, योग प्रशिक्षक डॉ. सुनीता, डॉ. सुनील यादव, जिला संगठन आयुक्त डॉ. अमिता श्रीवास्तव, संयुक्त सचिव जाकिर हुसैन, जिला प्रशिक्षण आयुक्त निलेश जायसवाल, प्रशिक्षक डॉ. विजय लक्ष्मी पांडेय, सुशीला विश्वकर्मा, सुषमा यादव उपस्थित रहे।

