फास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
बिना तैयारी प्रीपेड मीटर थोपने का आरोप, तेज रीडिंग और सर्वर की समस्याओं से जनता परेशान
पीलीभीत। मंगलवार को जिले में स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली और उनसे जुड़ी तकनीकी समस्याओं के विरोध में व्यापारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। 'युवा उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल' के बैनर तले बड़ी संख्या में व्यापारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। व्यापारियों ने इस मुद्दे पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
व्यापारियों का मुख्य आरोप है कि बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे नए स्मार्ट मीटरों में कई अनियमितताएं हैं। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे प्रमुख व्यापारी नेता अफरोज जिलानी ने विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रशासन और विद्युत विभाग ने बिना किसी पूर्व तैयारी के जनता पर प्रीपेड स्मार्ट मीटर थोप दिए हैं। आम जनता और छोटे व्यापारियों के बीच इन मीटरों को लेकर बिल्कुल भी जागरूकता नहीं है। लोगों को न तो रिचार्ज करने का तरीका पता है और न ही तकनीकी खराबी आने पर संपर्क करने की जानकारी। व्यापारियों का दावा है कि स्मार्ट मीटरों की रीडिंग पुराने डिजिटल मीटरों की तुलना में बहुत तेज है, जिससे बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हो रही है रिचार्ज खत्म होते ही बिजली तुरंत काट दी जाती है, लेकिन सर्वर डाउन होने के कारण रिचार्ज करने के घंटों बाद भी बिजली बहाल नहीं होती, जिससे व्यापार ठप हो जाता है। मांग की गई कि जो पुराने मीटर सही चल रहे हैं, उन्हें उपभोक्ताओं की सहमति के बिना जबरदस्ती न बदला जाए जब तक विभाग मीटरों की पूरी जानकारी और शुल्कों का विवरण सार्वजनिक नहीं करता, तब तक रिचार्ज खत्म होने पर कनेक्शन काटने के लिए कम से कम एक माह का समय दिया जाए। व्यापारियों ने इन मीटरों की तकनीकी शुद्धता की जांच किसी निष्पक्ष समिति से कराने की मांग भी की है। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतों को शासन और बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों तक जल्द ही पहुंचाया जाएगा। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
