जयपुरिया स्कूल में ‘आरोहण–2026’ की धूम, सांस्कृतिक रंगों के बीच प्रतिभाओं को मिला सम्मान
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। सेलेब्रेटिंग भारत के अंतर्गत सेठ एम. आर. जयपुरिया स्कूल, प्रतापगढ़ में आयोजित “आरोहण–2026” वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह बड़े ही भव्य, गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कृति, कला और प्रतिभा का अद्भुत संगम देखने को मिला। विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों और मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी, पुलिस अधीक्षक दीपक भूखर, पूर्व अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी एवं कोच राजेन्द्र सिंह बेदी, सीआरपीएफ़ के डिप्टी कमांडेंट अरुण कुमार, मायरा एकेडमी के निदेशक डॉ. मनीष झा सहित विद्यालय के चेयरमैन डॉ. राजेन्द्र सिंह, मैनेजर डॉ. मनीष सिंह, डायरेक्टर डॉ. मनीषा सिंह एवं प्रधानाचार्य डॉ. ऋचा भार्गव उपस्थित रहीं। दीप प्रज्ज्वलन के पश्चात विद्यार्थियों ने गणेश वंदना एवं “मिले सुर मेरा तुम्हारा” ऑर्केस्ट्रा की मनमोहक प्रस्तुति से कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके उपरांत आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में जिला टॉपर सौर्य सैनी, अरनव मौर्य एवं प्रांजल त्रिपाठी, जेईई मेन्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधा खंडेलवाल एवं अभिषेक सिंह, तथा विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा शील्ड, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में नन्हे बच्चों की “यूनिटी इन डाइवर्सिटी” प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया, जिसमें गोवा, जम्मू-कश्मीर और गुजरात की सांस्कृतिक झलक दिखाई गई। इसके अलावा रेट्रो रंगमंच, वेस्टर्न डांस और रैम्प वॉक ने भी कार्यक्रम में चार चांद लगाए। विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. ऋचा भार्गव ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, खेलकूद एवं सहशैक्षिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बंगाल, मिथिला, ब्रज-अवध, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान एवं तमिलनाडु की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भारत की विविधता को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूखर ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि उनका उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, संस्कृति और नेतृत्व क्षमता से समृद्ध बनाना है, ताकि वे भविष्य में देश और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन सकें। समारोह का समापन कर्टेन कॉल, धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। मंच संचालन सत्य प्रकाश पाण्डेय एवं उनकी टीम ने कुशलतापूर्वक किया। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
