फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। रामनवमी के पावन पर्व पर चिलबिला स्थित श्री हनुमान मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में सुंदरकांड पाठ के समापन के साथ प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव अत्यंत धूमधाम और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा और पूरा वातावरण "जय श्रीराम" के जयघोष से गूंजता रहा। कार्यक्रम के अंतर्गत कई दिनों से चल रहे सुंदरकांड पाठ का समापन हवन-पूजन एवं पूर्णाहुति के साथ किया गया। हनुमान भक्तों ने विधि-विधान से हवन कर भगवान से सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इस अवसर पर मंदिर समिति के महासचिव एवं समाजसेवी रोशनलाल उमरवैश्य ने अपनी धर्मपत्नी के साथ श्री राम दरबार, हनुमान जी महाराज, माता दुर्गा और भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन-अर्चन एवं आरती की। पूजा के पश्चात हवन कर पूर्णाहुति दी गई। रोशनलाल उमरवैश्य ने जानकारी देते हुए बताया कि रामनवमी के दिन भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव विशेष रूप से मनाया जाता है और इसी क्रम में इस वर्ष भी मंदिर में भव्य आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि सुंदरकांड पाठ की पूर्णाहुति के साथ ही प्रभु श्रीराम के जन्म का उत्सव मनाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंदिर परिसर में सुबह से ही भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। भक्ति गीतों और राम नाम संकीर्तन से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीत गाकर आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान की आराधना की और जन्मोत्सव के अवसर पर प्रसाद ग्रहण किया। इस धार्मिक आयोजन में मंदिर समिति के अध्यक्ष रामगोपाल, सुरेश अग्रवाल, कपिल देव, राकेश कुमार, त्रिभुवन लाल, प्रशांत सिंह, शनि महाराज, सोनू महाराज, छेदीलाल, देवानंद, संतोष कुमार, आदर्श कुमार, विवेक यादव, सूरज, प्रमोद कुमार, छोटेलाल, किशनलाल, दीपू, बजरंग लाल, पप्पू, सुरेश माली, श्यामल सहित सैकड़ों की संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे। सभी ने हवन-पूजन में भाग लेकर प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया। पूरे आयोजन को सफल बनाने में हनुमान भक्तों और मंदिर समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक एकता और सामाजिक समरसता का संदेश देने में भी सफल रहा।रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
